बलरामपुर। हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र के निनौहनी में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे चंद्रिका पुत्र स्वामीदयाल के फूस के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस अग्निकांड में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।आग की चपेट में घर के अंदर रखा गृहस्थी का सामान, बाहर खड़ी बाइक, पंपिंग सेट मशीन, पाइप, बेड और चौकी सहित सभी वस्तुएं आ गईं। गृहस्वामी के अनुसार, इस घटना में डेढ़ लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।घटना के समय चंद्रिका का परिवार खेत में सरसों और मसूर की कटाई कर रहा था। अचानक आग की लपटें देखकर चंद्रिका घर की ओर दौड़े और मदद के लिए गुहार लगाई। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे।आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने हैंडपंप और पास के सबमर्सिबल से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।इस अग्निकांड में चंद्रिका की गृहस्थी का सारा सामान और उनकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।ग्रामीणों ने बताया कि चंद्रिका के पिता स्वामीदयाल की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वे मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हल्का लेखपाल विनीत वर्मा ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को भेजी जाएगी।

