बलरामपुर। जिले में भाजपा स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंगलवार को तुलसी पार्क स्थित अटल भवन कार्यालय में भाजपा जिला पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी रहे। जानकारी के अनुसार, बैठक में तय किया गया कि 6 से 12 अप्रैल तक पूरे जिले में स्थापना दिवस सप्ताह मनाया जाएगा। राहुल राज रस्तोगी ने नवगठित जिला कार्यकारिणी को बधाई दी और कहा कि यह सप्ताह पार्टी की गतिविधियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का अवसर होगा।5, 6 और 7 अप्रैल को जिला और मंडल कार्यालयों को रंगोली, फूलों और इलेक्ट्रॉनिक झालरों से सजाया जाएगा।

कार्यकर्ता सजाएँगे बूथ, चलाएँगे सेल्फी अभियान
वहीं 6 और 7 अप्रैल को सभी बूथों पर महापुरुषों को पुष्पांजलि दी जाएगी। इसके अलावा पार्टी की विचारधारा पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।कार्यकर्ता घर-घर भाजपा का ध्वज लगाकर सेल्फी अभियान चलाएंगे और इसे सोशल मीडिया पर साझा करेंगे। इसका मकसद पार्टी की सक्रियता और उपस्थिति को दिखाना है।8 और 9 अप्रैल को जिला स्तरीय सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 7 से 12 अप्रैल तक स्वच्छता अभियान, बुद्धिजीवियों और गणमान्य व्यक्तियों से संपर्क, सम्मान कार्यक्रम और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही लाभार्थियों से जनसंपर्क भी किया जाएगा।सदर विधायक पलटू राम और तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है, जहां कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं।
रवि-मिश्रा ने नई कार्यकारिणी को दी बधाई
जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने नई कार्यकारिणी पर भरोसा जताया और पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा से काम करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण शिविर के जिला संयोजक डॉ. अजय सिंह पिंकू ने सभी कार्यकर्ताओं से स्थापना दिवस सप्ताह में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में नई जिला कार्यकारिणी की अहम भूमिका होगी।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह, अनूप गुप्ता, बृजेंद्र तिवारी, संजय शुक्ला, वरुण सिंह मोनू, बिंदु विश्वकर्मा, महेंद्र पांडे, अवधेश तिवारी, डीपी सिंह, अवधेश पांडेय, ललित तिवारी, आद्या सिंह, श्याम मनोहर तिवारी और डॉ. प्रांजल त्रिपाठी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

