कानपुर प्लॉगर्स ग्रुप ने गंगा घाटों को स्वच्छ रखने के अभियान में न केवल नई ऊर्जा भरी है, बल्कि स्वच्छता की एक नई परिभाषा गढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 116वें एपिसोड में इस समूह की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणा बताया। यह ग्रुप 183 सप्ताह से हर रविवार गंगा घाटों की सफाई कर रहा है, जिसका नेतृत्व डॉ. संजीवनी शर्मा कर रही हैं।डॉ. शर्मा ने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत 6 मार्च 2021 को हुई थी। सोशल मीडिया के माध्यम से जुड़े 850 सदस्यों में से हर रविवार 40 से 200 लोग सफाई में हिस्सा लेते हैं। यह अभियान कोरोना काल को छोड़ कभी नहीं रुका।इस समूह का उद्देश्य केवल घाटों की सफाई नहीं है, बल्कि कचरे को रिसाइकिल कर उसका उपयोग करना भी है। प्लास्टिक को गलाकर ट्री गार्ड बनाए जा रहे हैं, जो पौधों की सुरक्षा में उपयोग हो रहे हैं। अभी तक 3750 प्लास्टिक पैकेट्स से ट्री गार्ड बनाए जा चुके हैं।ग्रुप में 65 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक अनूप द्विवेदी से लेकर 7 साल के विराज तक शामिल हैं। लोग नियमित रूप से सफाई अभियान में हिस्सा लेकर गंगा के संरक्षण में अपना योगदान दे रहे हैं।

नगर निगम और प्लॉगर्स ग्रुप का सहयोग
कानपुर नगर निगम ने ग्रुप के साथ एमओयू किया है। सफाई अभियान के दौरान नगर निगम ट्रक और अन्य संसाधन उपलब्ध कराता है। प्लॉगिंग के दौरान इकट्ठा किया गया कचरा वेस्ट प्लांट में निस्तारित किया जाता है।डॉ. संजीवनी ने बताया कि पीएम मोदी के 2021 के ट्वीट से प्रेरित होकर उन्होंने यह अभियान शुरू किया। पीएम ने उस वक्त केरल में प्लॉगिंग करते हुए ट्वीट किया था। यह भावना आज कानपुर में सफाई की नई संस्कृति को जन्म दे चुकी है।प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में लखनऊ के वीरेंद्र की भी तारीफ की, जो डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के जरिए बुजुर्गों को तकनीकी मदद देकर उन्हें आत्मनिर्भर बना रहे हैं। ऐसे प्रयास समाज में बदलाव का प्रतीक बन रहे हैं।