बलरामपुर। जनपद में न्यायिक कार्यवाही को अधिक प्रभावी और त्वरित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित प्रकरणों, अभियोजन की प्रगति तथा न्यायालयों में की जा रही पैरवी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अपराधियों को समयबद्ध और प्रभावी दंड दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी बेहद जरूरी है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें और न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले अभिलेख, साक्ष्य व केस डायरी समय से उपलब्ध कराएं, ताकि मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर नजर
डीएम ने उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को पाबंद करने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।बैठक में गंभीर अपराधों, महिला एवं बाल अपराधों तथा शासन की प्राथमिकता वाले मामलों की भी विशेष समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, अभियोजन विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

