गुप्तकाशी विभूतिनाथ मंदिर, जनपद श्रावस्ती का एक पौराणिक और धार्मिक स्थल है, जहां दूर-दूर से भक्त भोलेनाथ के दर्शन के लिए आते हैं। इस क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देते हुए, सदस्य विधान परिषद डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय त्रिपाठी, और पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत श्रावस्ती के अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने संयुक्त रूप से पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत 300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय जनता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि दद्दन मिश्रा ने बताया कि इन योजनाओं के पूर्ण होने पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। इस विकास कार्य से न केवल धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि क्षेत्र का प्राकृतिक सौंदर्य भी अधिक निखरेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में भी सुधार की संभावना है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया, जिनकी पहल पर ये परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
पर्यटन स्थल के रूप में हो सकेगा विकसित
दद्दन मिश्रा कहा कि उनकी पार्टी का हमेशा से ही इस क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान रहा है। धार्मिक और पर्यटन विकास के साथ ही यहां के शैक्षिक विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से अशोक स्मारक महाविद्यालय की स्थापना की गई है, जहां क्षेत्र के युवा बिना बाहर गए स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी और उदय त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र में विकास की और भी कई संभावनाओं को तलाशा जा रहा है, जिन्हें शीघ्र ही अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्रीय विकास के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता के चलते आने वाले समय में विभूतिनाथ क्षेत्र एक आदर्श धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो सकेगा।