बलरामपुर। क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बनकटवा रेंज के ग्राम पंचायत मोतीपुर के मजरे गौरीदासपुरवा में शुक्रवार भोर करीब तीन बजे तेंदुए ने एक बछड़े को मार डाला, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।गांव निवासी राजेश्वर यादव ने बताया कि तेंदुए ने उनकी पशुशाला के बाहर बंधे बछड़े पर हमला कर उसका गला काट दिया। गाय के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब वह टॉर्च लेकर बाहर पहुंचे, तो सामने तेंदुआ खड़ा था। शोर मचाने पर तेंदुआ बछड़े को छोड़कर पास की झाड़ियों में चला गया।सुबह होते ही घटना की सूचना बनकटवा रेंज को दी गई। मौके पर पहुंचे वन दरोगा जहीर खान ने क्षेत्र में कॉम्बिंग की और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।राजेश्वर यादव के अनुसार, 17 मार्च की रात भी तेंदुआ उनके एक बछड़े को उठा ले गया था, जिसके अवशेष बाद में झाड़ियों में मिले थे। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो दिनों से गांव के आसपास तेंदुए की लगातार मूवमेंट देखी जा रही है।
दर्जनभर गांवों में फैली दहशत
ग्रामीण लालू और राजेश कुमार ने बताया कि तेंदुए ने कई छुट्टा मवेशियों को भी अपना शिकार बनाया है। पहाड़ी नाला धोबेनिया और आसपास की झाड़ियों में उनके अवशेष देखे गए हैं।गौरीदासपुरवा, टेढ़ीप्रास, छिटनडीह, बलदानडीह, रंगबंशपुरवा, करोंदापुरवा, लछुआपुर और खैरहनिया सहित करीब एक दर्जन गांवों में तेंदुए का आतंक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह से अधिक समय से तेंदुआ क्षेत्र में सक्रिय है।
पालतू जानवरों को बना चुका है निशाना
तेंदुआ अब तक कई कुत्तों, बकरियों और बछड़ों को अपना शिकार बना चुका है। टेढ़ीप्रास गांव में एक पालतू पिल्ले को घर के पास से उठा ले गया, जबकि अन्य गांवों में भी मवेशियों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं।
वन विभाग ने शुरू की जांच
तेंदुए के खौफ के चलते किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। इससे खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है और ग्रामीणों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।खंडहर मंदिर के आसपास बना ठिकानाग्रामीणों के अनुसार, गांव के पश्चिम में स्थित पहाड़ी नालों—जमधरा, धोबेनिया और खरझार के पास एक पुराना खंडहर मंदिर है, जहां तेंदुए के रहने की आशंका जताई जा रही है।इस संबंध में बनकटवा रेंजर शत्रुहन लाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी गई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

