बलरामपुर। जनपद में बैंक, डाकघर, जनसेवा केंद्र और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने सोमवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर जिले भर में एक साथ संचालित किया गया।अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की पुलिस, चौकी प्रभारी और मिशन शक्ति टीम ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों, डाकघरों और जनसेवा केंद्रों के अंदर व बाहर सघन चेकिंग की। पुलिस टीमों ने बैंक परिसर के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी।चेकिंग के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से वार्ता कर सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों की जानकारी ली गई। इस दौरान सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म, इमरजेंसी सिस्टम सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति को भी जांचा गया।
संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की हुई तलाशी
बैंकों और डाकघरों के आसपास खड़े संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई। वहीं बैंक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहते हुए संदिग्ध लोगों की समय-समय पर चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।पुलिस टीम ने बैंक में मौजूद ग्राहकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा को लेकर जागरूक किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

साइबर ठगी से बचाव की दी गई जानकारी
अभियान के दौरान लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस ने लोगों को अनजान कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंक संबंधित जानकारी साझा न करने की सख्त हिदायत दी।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों में किसी भी आपराधिक घटना को रोका जा सके और आमजन खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।



