गोंडा। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की फटकार के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बने 20 से अधिक अवैध कटों को बंद कर दिया है। ये कट गोंडा मुख्यालय से करनैलगंज-गोंडा सीमा तक फैले थे। इन अवैध कटों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही थीं।वाहन चालक निर्धारित स्थानों के बजाय इन अवैध कटों का उपयोग कर रहे थे, जिससे यातायात बाधित होता था और हादसे होते थे। जिले में इन दिनों घने कोहरे का प्रकोप भी देखा जा रहा है।
दुर्घटनाओं पर लगेगा ब्रेक
ऐसे में अवैध कटों से निकलने वाले वाहनों के आपस में टकराने से दुर्घटनाओं और मौतों का खतरा और बढ़ गया था।बीते दिनों जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन अवैध कटों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि इन्हीं कटों की वजह से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही थीं। लोक निर्माण विभाग ने अन्य विभागों के साथ मिलकर इन कटों को बंद किया है।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
इन स्थानों पर मिट्टी डालकर और पेड़ लगाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति निजी लाभ के लिए दोबारा अवैध कट न बना सके।जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके और अन्य अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। यदि कोई व्यक्ति दोबारा अवैध कट बनाकर नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसकी जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



