मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुम्भ 2025 को स्वच्छ और ग्रीन महाकुम्भ बनाने के लिए नगर निगम प्रयागराज ने अपना अभियान तेज कर दिया है। महाकुम्भ को प्लास्टिक मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने पूरे शहर में जागरूकता फैलाने और सख्त कार्रवाई करने का कार्य शुरू किया है।नगर निगम ने 12-12 सदस्यीय दो जागरूकता और इन्फोर्समेंट टीमों का गठन किया है, जो शहरभर में प्लास्टिक के उपयोग के दुष्प्रभावों के बारे में नागरिकों को जागरूक कर रही हैं। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। नगर निगम की टीमें 6 इन्फोर्समेंट व्हीकल के साथ पूरे शहर में सक्रिय हैं।
8 जोन में चल रहा प्लास्टिक मुक्त अभियान
महाकुम्भ को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखने के लिए नगर निगम ने शहर को 3 नोड्स और 8 जोनों में बांटा है। हर जोन में टीमों द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों से जब्ती और चालान वसूला जा रहा है। नगर निगम ने प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कुल्हड़, पत्तल, कपड़े और जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया है।
ग्रीन पर्यावरण बनाने की पहल
नगर निगम प्रयागराज ने महाकुम्भ के दौरान स्वच्छ और ग्रीन वातावरण बनाए रखने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकी है। नगर निगम के पास 2 ट्रक, 1 जेसीबी, 4 गार्ड, 10 गैंगमैन और 1 नोडल अधिकारी की टीम है, जो इस अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है। पुलिस की मदद भी आवश्यक होने पर ली जा रही है। इस अभियान के माध्यम से नगर निगम महाकुम्भ के ग्रीन और स्वच्छ संदेश को दुनिया भर में फैलाना चाहता है।

