एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज में प्राचार्य प्रो. जे.पी. पांडे के निर्देशन और डॉ. राम रहीस की अध्यक्षता में 22 अक्टूबर 2024 को एक विशिष्ट आशु कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “याद” रखा गया, जिसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष मोहम्मद तारिक कबीर और अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. बी.एल. गुप्ता ने भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणामों में बी.एड द्वितीय वर्ष की छात्रा आकांक्षा वर्मा ने अपनी उत्कृष्ट कविता के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
साहित्यिक रुचि को किया प्रोत्साहित
बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शुमायला क्युम को द्वितीय स्थान से नवाजा गया, जबकि तृतीय स्थान पर बी.एड प्रथम वर्ष के छात्र अतुल मिश्रा, पारथेश्वर दूबे और बी.एससी प्रथम वर्ष के छात्र अंश श्रीवास्तव रहे।गणित विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. वीणा सिंह ने छात्रों को पाठ्य सहगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें प्रेरित किया। वहीं, बी.एड विभाग के आचार्य प्रो. श्री प्रकाश मिश्र ने आशु कविता और क्षणिक लेखन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इसके अभ्यास के लाभ बताए।कार्यक्रम में राजनीति विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. अमित कुमार वर्मा, डॉ. भानु प्रताप सिंह, डॉ. अभिषेक कुशवाहा सहित कई शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इस आयोजन ने छात्रों को अपनी साहित्यिक क्षमताओं को और निखारने का एक सशक्त मंच प्रदान किया, साथ ही साहित्यिक रुचि को प्रोत्साहित किया।