किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए बैठक का आयोजन
सद्भावना आवाज़
बलरामपुर
बलरामपुर में किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए विकास भवन सभागार में उप निदेशक कृषि नरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें किसान दिवस में किसानों की समस्याओं को सुना गया और समस्याओं-शिकायतों का समयबद्ध गुणवत्तापूर्ण शतप्रतिशत निस्तारण का भरोसा दिया।किसान दिवस में कृषकों द्वारा विद्युत कटौती, गौशालाओं की समस्याओं एवं छुट्टा जानवरों से निजात दिलाये जाने, गौशालाओं में पशुओं की व्यवस्था, चारा, पीने की पानी, जल भराव, दवा और पशुओं की देखभाल सुनिश्चित कराए जाने की शिकायतें की गईं, जिसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के लिए किसानों को आश्वासन दिया गया।उप निदेशक ने किसान भाइयों से अपील किया कि सभी किसान भाई पर्यावरण संतुलन हेतु एक-एक पौध रोपण अवश्य करें। इस दौरान जलसंरक्षण के विषय में किसानों को जागरूक किया गया तथा किसानों को विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक में यह लोग रहे मौजूद
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, जिला उद्यान अधिकारी संतोष कुमार दूबे, सहायक सहकारिता निबन्धन अधिकारी अमरेश मणि तिवारी, मत्स्य अधिकारी विनोद कुमार, एलडीएम अंकित गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सिंचाई, नलकूप, दुग्ध विकास विभाग, रेशम विभाग, जिला गन्ना अधिकारी, डॉ. एकेएम त्रिपाठी डॉ. सूबेदार यादव, प्रज्ञा भारती, राकेश चन्द्र व अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण और किसान भाई मौजूद रहे।