बलरामपुर। जनपद में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस व्यापक स्तर पर मनाया गया। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 9 लाख 25 हजार 496 बच्चों और किशोरों को एलबेंडाजोल की खुराक दी गई, जिससे उन्हें कृमि संक्रमण से सुरक्षित किया जा सके।
अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर में बच्चों को स्वयं दवा खिलाकर किया। उन्होंने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया और शारीरिक विकास में बाधा का बड़ा कारण है, जिसे इस तरह के नियमित अभियानों से रोका जा सकता है।

सीएमओ ने बताया कि यह अभियान जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में चलाया गया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से बचाकर उन्हें स्वस्थ जीवन देना है।उन्होंने यह भी कहा कि जो बच्चे किसी कारणवश सोमवार को दवा नहीं ले सके हैं, उनके लिए 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे।इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जावेद अख्तर, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविन्द मिश्रा, डीएमओ राजेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी और स्टाफ मौजूद रहे।

