बलरामपुर जिले में कड़ाके की ठंड का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। सर्द हवाओं और घने कोहरे ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सोमवार को भी सुबह बदली छाई रही और हल्की धूप के बावजूद ठिठुरन कम नहीं हुई। दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट ली, जिससे ठंड और बढ़ गई।सबसे अधिक परेशानी यात्रियों और फुटपाथ पर रात बिताने वालों को हो रही है। प्रशासन द्वारा तीनों तहसीलों में अलाव और कंबल वितरण के लिए बजट जारी करने की बात कही गई थी। हर तहसील को 1500 कंबल और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने के लिए ₹50,000 का आवंटन किया गया है। बावजूद इसके, ज़मीन पर इन प्रयासों का असर नहीं दिख रहा। रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर यात्रियों को ठंड से बचने के लिए खुद के इंतजाम करने पड़ रहे हैं। नगर पालिका क्षेत्र में कुछ स्थानों पर रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है, लेकिन अलाव की सुविधा अब तक शुरू नहीं हुई है।
स्टेशनों पर ठिठुरते हुए बितानी पड़ रही रात
गरीब और बेघर लोग कूड़ा जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। फुटपाथ पर रात बिताने वालों का कहना है कि प्रशासन ने अब तक कंबल नहीं बांटे हैं, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड का असर बाजारों पर भी देखा जा रहा है। शाम होते ही बाजारों में सन्नाटा पसर जाता है। वहीं, कोहरे और गलन के कारण सड़क और रेलवे यातायात प्रभावित हुआ है। दूरदराज से आने वाले यात्रियों को स्टेशनों पर ठिठुरते हुए रात बितानी पड़ रही है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे लोगों को दिन की शुरुआत में ही परेशानी झेलनी पड़ी।