लखनऊ। रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र गुलजार उपवन में नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर डिप्टी सीएम ने रक्षामंत्री का स्वागत किया।कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। ब्रह्माकुमारीज की लखनऊ सब-जोन इंचार्ज बीके राधा दीदी ने राजनाथ सिंह सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान रक्षामंत्री के सम्मान में विशेष गीत प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
राजनाथ सिंह बोले—आध्यात्मिकता की जरूरत
ब्रह्माकुमारीज के जनरल सेक्रेटरी धर्म योगी जी ने अपने संबोधन में राजनाथ सिंह को मुख्य अतिथि के बजाय कार्यक्रम का मुख्य होस्ट बताया। उन्होंने उन्हें अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि हम सभी बाबा के बच्चे हैं। उन्होंने राजनाथ सिंह के भाजपा अध्यक्ष रहने के दौरान प्रधानमंत्री के नाम की घोषणा से जुड़े प्रसंग का भी जिक्र किया। साथ ही देश की सुरक्षा और किसानों के हित में उनके योगदान की सराहना की।
दिव्य संस्कृति भवन का हुआ लोकार्पण
बीके राधा दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज की स्थापना के 90 वर्ष और लखनऊ में आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। नवनिर्मित दिव्य संस्कृति भवन में लोगों को निशुल्क राजयोग ध्यान का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही यहां विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में परिसर में दो हजार लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम बनाने की भी योजना है।

