सद्भावना आवाज़
बलरामपुर
जिलाधिकारी श्री अरविंद सिंह द्वारा विकासखंड हरैया सतघरवा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारी/ कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका को देखा। अधिकांश कर्मचारी उपस्थित पाए गए, कुछ कर्मचारियों की 2 ब्लॉकों में संबद्धता पाई गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि ऐसे कर्मचारी जिनकी 2 ब्लॉकों में संबद्धता है उनका रोस्टर बनाया जाए एवं रोस्टर के अनुसार कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित कराया जाए।

जिलाधिकारी महोदय ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की, उन्होंने पिछले वित्तीय वर्षों के सभी आवासों को पूर्ण किए जाने एवं लाभार्थियों को आवास की चाबी प्रदान किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को समय से आवास की किस्त प्रदान किया जाए, लाभार्थियों को बेवजह विकासखंड के चक्कर लगाने ना पड़े। जिलाधिकारी महोदय ने कड़े निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार से बिचौलियों एवं दलालों का कोई रोल ना हो। बिचौलियों एवं दलालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। मनरेगा के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं मानकनुरूप कार्य कराए जाने का निर्देश दिया।

एनआरएलएम के कार्यों की समीक्षा की एवं महिला स्वयं सहायता समूह तिरंगा न्यूट्रिशन इंटरप्राइजेज द्वारा संचालित विकासखंड परिसर में स्थित टीएचआर प्लांट का गहनता से निरीक्षण किया। पीएचआर प्लांट में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा पिछले वर्ष पुष्टाहार का काफी अच्छा उत्पादन किया गया। बताया गया कि वोल्टेज की समस्या से पुष्टाहार के उत्पादन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है एवं उत्पादन में कमी आई है। जिलाधिकारी महोदय द्वारा खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत की सप्लाई सुचारू रूप से दिए जाने का निर्देश दिया, उन्होंने कहा कि पुष्टाहार के अच्छे उत्पादन से गर्भवती महिलाओं को समय से पुष्टाहार दिया जाना संभव होगा एवं स्वयं सहायता समूह की इनकम में वृद्धि से महिलाएं सशक्त होंगी एवं अन्य महिलाएं प्रेरित होंगी।


