बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिले की छह प्रमुख सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। करीब 5.60 करोड़ रुपये की लागत से इन सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 2.69 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है।तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के समदा सिंगाही मार्ग से दबरिया होते हुए बेलवा बिनोहनी तक सड़क निर्माण पर 1.81 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 87 लाख रुपये जारी किए गए हैं। घासी पोखरा-जखौनी मार्ग से मदरहवा प्राइमरी स्कूल तक पक्की सड़क के लिए 63.09 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 30 लाख रुपये जारी किए गए हैं।इसी तरह लोकिया ताहिर प्रधानमंत्री सड़क से नेवादा होते हुए ईदगाह तक सड़क निर्माण पर 1.12 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसमें 54 लाख रुपये की पहली किस्त जारी की गई है।
सीसी सड़कों से गांवों को मिलेगी मजबूती
प्राथमिक विद्यालय कदरगोडवा से चनिया कोट मंदिर तक सीसी सड़क के निर्माण के लिए 21.91 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 11 लाख रुपये जारी किए गए हैं। रामनगर से दरदाहवा तक सीसी सड़क निर्माण पर 113.40 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसमें 54 लाख रुपये जारी किए गए हैं।वहीं मथुरा से रमघडिया तक सीसी सड़क के लिए 68.18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 33 लाख रुपये जारी किए गए हैं।सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खुशी का माहौल है। रामलाल यादव ने कहा कि अब वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी। दबरिया गांव की सरोज देवी के अनुसार बरसात के दिनों में आवागमन बेहद कठिन हो जाता था, लेकिन सड़क बनने से राहत मिलेगी। नेवादा के राजेश कुमार ने बताया कि इससे व्यापार और दैनिक जीवन में काफी सहूलियत होगी।तुलसीपुर विधायक ने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाई जाए, जिससे विकास को गति मिल सके।

