सद्भावना आवाज़
डॉ. शिशिर मिश्रा (संवाददाता)
सिद्धार्थनगर।
आधुनिकता भरे इस युग में हर इंसान अपने आपको निखारने में लगा हुआ है। अगर किसी में कोई विशेष प्रतिभा है तो उसका प्रदर्शन अच्छा है पर आधुनिक समय में प्रतिभा प्रदर्शन के नाम पर युवा अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। मोबाइल फोन के इस दौर में आजकल सोशल नेटवर्किंग साइट्स जैसे की फेसबुक, इंस्टाग्राम, स्नैपचैट, ट्विटर, आदि का उपयोग अपने चरम पर है। एक हद तक देखा जाए तो सोशल मीडिया प्लेटफार्म उपयोगी सिद्ध हो सकता है जबतक उसे सही दिशा में उपयोग किया जाए। परंतु आजकल की युवा पीढ़ी ज्यादातर उसका इस्तेमाल गलत तरीके से कर रही है। इनके गलत इस्तेमाल से समाज पर उल्टा प्रभाव तो पड़ता ही है साथ ही साथ सभी युवा अपने भविष्य और कई बार तो अपनी जान के साथ भी खिलवाड़ करते हैं। ऐसी ही एक घटना जनपद सिद्धार्थनगर से प्रकाश में आई है जहां रील बनाने के चक्कर में एक युवक को अपनी जान तक गंवानी पड़ी।
खबर है की नगर पंचायत इटवा के डिहवा स्थित तालाब में शुक्रवार को एक 18 साल का युवक डूब गया। नागरिकों ने पानी में घुसकर शव की तलाश की, काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला गया। मगर तब तक उसकी मौत हो गई थी। बताया जाता है कि डिहवा निवासी युवक सादिक पुत्र जमाल अहमद अपने दो-तीन दोस्तों के साथ तालाब के निकट मोबाइल रील बना रहा था। पानी में जाने के दृश्य को दर्शाया जा रहा था। तभी युवक का पैर फिसला और वह गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। घटना देख दोस्त गांव पर आए और इसकी जानकारी लोगों को दी। इसके बाद घटना स्थल पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस भी वहां पहुंच गई।


