योगी आदित्यनाथ की सरकार की ओर से 3 दिसंबर को लोकभवन सभागार में राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाया जाएगा। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इस पुरस्कार वितरण समारोह में दिव्यांग व्यक्तियों, स्वैच्छिक संगठनों और दिव्यांग खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस साल वाराणसी जिले को पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ जिला चुना गया है, जिसके लिए जिलाधिकारी को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, मुरादाबाद के मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव को बाधामुक्त वातावरण के सृजन हेतु विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
गैर-व्यावसायिक श्रेणी में डॉ. कौशिकी सिंह (लखनऊ) और व्यावसायिक श्रेणी में राम किशन गुप्ता (कानपुर नगर) को दिव्यांगजनों के हित में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी के रूप में संतबली चौधरी (गोरखपुर), अरुण कुमार अग्रवाल (लखनऊ) और गोपाल कृष्ण त्रिपाठी (कानपुर नगर) को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, पुनर्वास सेवाओं में योगदान के लिए नई सुबह संस्था (वाराणसी) और नवीन अनुसंधान के लिए जन विकास समिति (वाराणसी) को पुरस्कार मिलेगा।
प्रेरणास्रोत और खिलाड़ियों को भी मिलेगा पुरस्कार
प्रेरणास्रोत श्रेणी में मानवेन्द्र प्रताप सिंह (लखनऊ), मुकेश मिश्रा (लखनऊ) और स्वामी प्रताप सिंह (आगरा) को सम्मानित किया जाएगा। सृजनशील दिव्यांग बालिका के रूप में कु. दिव्यांशी कसौधन (गोरखपुर) और सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी के रूप में महिला श्रेणी में कु. प्रगति केसरवानी (लखनऊ) व पुरुष श्रेणी में दीपेन्द्र सिंह (सम्भल) को सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर, सर्वश्रेष्ठ अधिकारी के रूप में लक्ष्मीशंकर जायसवाल, प्रधानाचार्य, स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इण्टर कालेज (गोरखपुर) और सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी के रूप में प्रशान्त कुमार, वरिष्ठ सहायक, कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी (कानपुर नगर) को सम्मानित किया जाएगा।यह कार्यक्रम दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत होगा और उनकी समृद्धि एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।