बलरामपुर । वरिष्ठ अधिवक्ता सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव के साथ मारपीट की घटना को लेकर अधिवक्ता समाज में व्याप्त आक्रोश के बीच पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चक्का जाम की स्थिति टल गई है। पुलिस द्वारा दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जिला बार एसोसिएशन ने प्रस्तावित चक्का जाम कार्यक्रम स्थगित कर दिया है, हालांकि अधिवक्ताओं की हड़ताल फिलहाल जारी रहेगी। घटना के विरोध में जिला बार एसोसिएशन ने चक्का जाम का आह्वान किया था। इसी बीच पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी को दूसरे जिले से लाने की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस की इस पहल के बाद अधिवक्ताओं ने चक्का जाम स्थगित करने का निर्णय लिया।जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अधिवक्ताओं की मांगों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट संदेश गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।अजय बहादुर सिंह ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से अधिवक्ताओं का विश्वास बढ़ा है कि मामले में शामिल सभी दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इसी संतोषजनक पहल के चलते चक्का जाम स्थगित किया गया है, लेकिन पहले से घोषित अधिवक्ताओं की हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता समाज की एक बैठक कल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी सदस्यों के साथ विचार-विमर्श कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
एकजुटता से ही संभव हुई कार्रवाई: बार अध्यक्ष
बार अध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम को अधिवक्ता समाज की एकजुटता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर आवाज उठाने से ही दोषियों पर शिकंजा कसा जा सका है और प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा।
अन्य मामलों में भी कार्रवाई की मांग
अजय बहादुर सिंह ने पुलिस से संजय तिवारी से जुड़े मामले में भी गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे समाज में यह संदेश जाएगा कि अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ अधिवक्ता समाज चुप नहीं बैठेगा। फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और अधिवक्ताओं की भावी रणनीति पर टिकी हैं।



