बलरामपुर । गेहूं खरीद अभियान की औपचारिक शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र के निरीक्षण के साथ हुई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहे तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान ग्राम रोवारी के किसान जगदीश प्रसाद के केंद्र पर पहुंचने पर डीएम ने उनका फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया, जिससे किसानों के सम्मान का संदेश दिया गया।
48 क्रय केंद्र स्थापित
प्रशासन ने इस वर्ष गेहूं खरीद को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। जनपद में कुल 48 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 30 मार्च से 15 जून 2026 तक खरीद की जाएगी। इस बार गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है और किसानों को उनकी उपज का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे आधार लिंक बैंक खाते में भेजा जाएगा। सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा, नमी मापक यंत्र, पावर डस्टर तथा किसानों के बैठने, छाया और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य
किसानों के लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है, वहीं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी केंद्र प्रभारी किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए पारदर्शिता से खरीद सुनिश्चित करें।

