अयोध्या। मिल्कीपुर के खिहारन स्थित मदरसा दारुल उलूम रजा ए मुस्तफा में शनिवार को मेडिकल कैंप लगाकर गांव के 128 बीड़ी श्रमिकों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें दवाएं वितरित की गईं।भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन श्रम कल्याण संगठन लखनऊ द्वारा संचालित बीड़ी श्रमिक डिस्पेंसरी अयोध्या ने इस कैंप का संचालन किया।कैंप में सर्दी, जुकाम, खांसी और खुजली के मरीजों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बीपी और शुगर के मरीज भी पहुंचे। चिकित्सक डॉ अर्जुन ने इन सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं दीं।
कैंप में श्रम योगी मानधन योजना के प्रति किया जागरूक
डॉ अर्जुन ने मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ अच्छी जीवन शैली अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सुबह की सैर और संतुलित खान-पान बेहतर स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बीड़ी श्रमिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से श्रम योगी मानधन योजना के बारे में विस्तार से बताया, जिसके तहत 60 वर्ष की आयु के बाद 3 हज़ार रूपये प्रतिमाह पेंशन प्राप्त की जा सकती है।इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर अशोक लता शुक्ला ने भी मरीजों को दवाएं वितरित कीं। कैंप को सफल बनाने में मदरसा दारुल उलूम रजा ए मुस्तफा के संचालक मौलाना हिदायतुल्लाह कादरी, शकील अंसारी, शमशाद खान, मोहम्मद मुस्लिम और सोनू अंसारी सहित कई अन्य लोगों ने सहयोग किया।

