बलरामपुर। जिले के दिव्यांग बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल करने की तैयारी है। कचहरी के पास समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है, जिसकी कुल लागत 24.94 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इस विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होगी और कुल 540 सीटें उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष बात यह है कि इनमें से 50 प्रतिशत सीटें यानी 270 सीटें विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।विद्यालय की योजना इस तरह बनाई गई है कि हर कक्षा में 80 सीटें हों, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इसके अलावा, दूरदराज़ क्षेत्रों के बच्चों की पढ़ाई और रहने की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाए जाएंगे। प्रत्येक हॉस्टल में 50-50 बच्चों के रहने की व्यवस्था होगी, जिससे आवासीय सुविधा के साथ नियमित अध्ययन संभव हो सके।जिला दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि विद्यालय भवन में विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें सुगम्य भवन, रैंप, सहायक उपकरण, ब्रेल सामग्री, श्रवण सहायता और विशेष शिक्षक शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि इस पहल का मकसद दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।निर्माण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रूप में 3.46 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि धनराशि मिलने के बाद विद्यालय का निर्माण जल्द शुरू होगा। यह परिसर न केवल पढ़ाई का केंद्र बनेगा, बल्कि बच्चों के समग्र विकास और सुरक्षित आवास का भी पर्याय होगा।विद्यालय की योजना को सुनकर दिव्यांग बच्चों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है। छात्र अनूप पांडेय ने कहा कि जिले में ऐसा विद्यालय बनने से बाहर पढ़ाई के लिए जाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी। छात्र अनुराग ने बताया कि सुविधाओं की कमी के कारण कई बार पढ़ाई प्रभावित होती थी। छात्रा बिंदू ने कहा कि छात्राओं के लिए अलग हॉस्टल होना बहुत जरूरी है।अधिकारियों का मानना है कि यह पहल दिव्यांग बच्चों को न सिर्फ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देगी, बल्कि उन्हें मुख्यधारा के समाज में आत्मनिर्भर बनाने का अवसर भी प्रदान करेगी। शिक्षा के इस नए केन्द्र से जिले के बच्चों को बेहतर संसाधन, सुरक्षित आवास और विशेष मार्गदर्शन एक ही परिसर में मिल सकेगा।

