बलरामपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सक्रियता दिखाई है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं।जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक प्रकरण पर विस्तार से विचार करते हुए पुलिस अधीक्षक ने गूगल मीट के माध्यम से संबंधित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में समयबद्ध, प्रभावी और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।राजस्व से संबंधित मामलों को लेकर पुलिस अधीक्षक ने विशेष सख्ती दिखाते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों के गठन के निर्देश दिए।
गूगल मीट से थाना प्रभारियों को निर्देश
साथ ही संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और उसकी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनसुनवाई कार्यक्रम को लेकर फरियादियों में संतोष देखा गया। लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है। यह कार्यक्रम पुलिस प्रशासन की जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता और तत्परता को दर्शाता है।

