बलरामपुर। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध बलरामपुर के दो युवाओं को रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। समाजसेवी आलोक अग्रवाल और वैभव त्रिपाठीको 22 मार्च को आगरा में आयोजित समारोह में “प्रदेश सेवा रत्न सम्मान 2026” प्रदान किया जाएगा।यह कार्यक्रम संकल्प मानव सेवा संस्था द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के समाजसेवियों को सम्मानित किया जाएगा और एक विशाल रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। कार्यक्रम की गठन समिति में आलोक अग्रवाल को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

आलोक अग्रवाल जिले में ‘ब्लडमैन’ के नाम से पहचाने जाते हैं और अब तक 38 बार रक्तदान कर चुके हैं। वहीं निफा के जिला अध्यक्ष वैभव त्रिपाठी 42 बार रक्तदान कर चुके हैं। दोनों समाजसेवी खुद रक्तदान करने के साथ-साथ युवाओं को भी इसके लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं।
पिछले वर्ष जनपद में सबसे अधिक रक्त संग्रह कराने के लिए दोनों को ब्लड बैंक द्वारा सम्मानित भी किया गया था। रक्तदान के क्षेत्र में सक्रियता और सामाजिक योगदान के कारण दोनों को कई राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान मिल चुका है।आज जिले में ये दोनों रक्तवीर हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

