बलरामपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को पॉयनियर पब्लिक स्कूल में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल उस समय और खास हो गया जब जनपद की सैकड़ों महिलाओं ने सरकार की योजनाओं और सोच को समर्थन देने का संकल्प लिया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं बहराइच-श्रावस्ती की विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि महिलाओं का असली सम्मान सिर्फ भाजपा सरकार में हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां पूर्ववर्ती सरकारों में महिलाएं असुरक्षित थीं, वहीं योगी सरकार में अपराधियों की कमर तोड़ दी गई है। अब महिलाएं रात में भी निडर होकर बाहर निकल सकती हैं क्योंकि अपराधी या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़ चुके हैं।डॉ. प्रज्ञा ने कहा कि केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, जन धन योजना, मातृत्व वंदना योजना जैसी कई योजनाओं ने महिलाओं को न सिर्फ आर्थिक रूप से सशक्त किया है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच महिलाओं को सिर्फ आरक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें हर क्षेत्र में नेतृत्व के योग्य बनाना है।
बार-बार चुनावी खर्च से मिलेगी राहत
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डॉ. श्रद्धा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे दूरगामी प्रभाव वाले निर्णय में महिलाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। जब महिलाएं जागरूक होती हैं, तो पूरा परिवार एकजुट होकर देशहित के निर्णयों में भागीदार बनता है।भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि भाजपा द्वारा गांव-गांव और शहर-शहर ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और इसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आह्वान किया कि महिलाएं इस अभियान को एक संकल्प की तरह अपनाएं और घर-घर जाकर इसे जन आंदोलन में बदलें। उन्होंने यह भी कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश को बार-बार चुनावी खर्च से राहत मिलेगी और जनता का पैसा सीधे विकास कार्यों में लगेगा।
महिलाओं को किया गया सम्मानित
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ललिता तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार प्रकट किया और महिलाओं से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, सुधा पांडेय, नंदनी शुक्ला, जिला महामंत्री बिंदू विश्वकर्मा, मंजू तिवारी, सरिता शुक्ला, सविता सिंह, एमपी तिवारी, श्याम मनोहर तिवारी, अपूर्व प्रताप सिंह, मयूर सूर्यवंशी और अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व आमजन मौजूद रहे। समारोह के दौरान कई महिलाओं को उनके समाजिक योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।