बलरामपुर । जिले में बुधवार शाम सीबीएसई बोर्ड के हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होते ही पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। इस बार छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। कई विद्यालयों का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा, जबकि टॉपर्स ने 98 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर नया रिकॉर्ड कायम किया। जिले में इस वर्ष सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा के लिए कुल 1026 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 1018 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। घोषित परिणाम के अनुसार करीब 96 प्रतिशत छात्र सफल रहे, जो जिले के लिए काफी संतोषजनक और गर्व की बात है। रिजल्ट आते ही छात्रों के घरों में जश्न का माहौल बन गया। कहीं मिठाइयां बांटी गईं तो कहीं एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।इस बार जिले में सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र ईशान टंडन और छात्रा अक्षिता द्विवेदी ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। अभिभावकों ने बच्चों की मेहनत पर गर्व जताया, वहीं शिक्षकों ने इसे निरंतर परिश्रम और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया। जिले में सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल का प्रदर्शन सबसे उत्कृष्ट रहा, जहां पंजीकृत सभी 178 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल रहे। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार 30 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल किए। प्रमुख छात्रों में निशांत शुक्ल (97.4%), आरुष सिंह (97%), अनिकेत अग्रवाल (96.4%), समीक्षा श्रीवास्तव (96%) और अनघ गुप्त (95.2%) शामिल रहे, जिन्होंने विद्यालय का नाम रोशन किया।

अंश मिश्रा 96.4% के साथ अव्वल
पायनियर पब्लिक स्कूल का परिणाम भी शत-प्रतिशत रहा, जहां परीक्षा में शामिल सभी 80 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। यहां अंश मिश्र ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इसके अलावा उन्नति (93.8%), सूर्यांश गुप्त (93.2%) और विष्णु तिवारी (90.8%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी तरह जवाहर नवोदय विद्यालय में भी सभी 43 विद्यार्थी सफल रहे। यहां नवनीत शर्मा (94%), अंशिका चौधरी (93.3%), शारदा (92.6%), सिद्धिका चौरसिया (92.3%) और राजवीर (91.3%) प्रमुख रहे।
अलंकृत और माही मिश्रा ने मारी बाजी
केंद्रीय विद्यालय में भी सभी 66 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की। यहां अलंकृत पांडेय (95.6%), माही मिश्रा (95.4%) और कुंवर आशुतोष सिंह (93.2%) ने अच्छे अंक प्राप्त किए। वहीं शारदा पब्लिक स्कूल का परिणाम भी पूरी तरह शत-प्रतिशत रहा, जहां सभी 54 विद्यार्थी पास हुए। इस विद्यालय में अविका जायसवाल (95.2%), कुमार विराट (92.4%), अब्दुल रहीम (90.6%) और जानवी गुप्ता (90%) प्रमुख रूप से सफल रहे।

बच्चों ने एक-दूसरे को खिलाई मिठाई
इसके अलावा जिले के अन्य विद्यालयों—आदिशक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल, टायनी टाटस स्कूल, सर्वोदय विद्यालय, फातिमा स्कूल, एमजे एक्टिविटी स्कूल और ब्लूमिंग वर्ड्स पब्लिक स्कूल—में भी परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई जगहों पर छात्रों ने अपनी सफलता का जश्न मनाते हुए मिठाइयां बांटी और शिक्षकों का आशीर्वाद लिया।
प्रबंधन ने बताया मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शन का परिणाम
दोनों स्कूलों के प्रबंधन ने छात्रों की सफलता पर खुशी जताते हुए इसे कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। प्राचार्यों ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है और आने वाले वर्षों में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास जारी रहेगा।

