लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने सपा की राजनीति को ‘परिवारवाद प्राइवेट लिमिटेड’ बताते हुए PDA की नई व्याख्या कर तंज कसा।पंकज चौधरी ने अपने पोस्ट में PDA का अर्थ बताते हुए ‘P’ को परिवार, ‘D’ को दरी बिछाने और ‘A’ को आइए बताया। इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने समाजवादी पार्टी की राजनीति में परिवार के कथित वर्चस्व पर निशाना साधा। साथ ही सवाल उठाया कि समाजवाद की बात करने वाली पार्टी में आम कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका रह गई है।
पदों से लेकर राजनीतिक विरासत तक परिवारवाद का आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सपा के संगठनात्मक ढांचे और राजनीतिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष पदों से लेकर चुनावी दावेदारी तक परिवार को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद, मुख्यमंत्री पद की दावेदारी, सांसद और विधायक पदों के साथ ही विधान परिषद तथा संगठन के बड़े पदों पर परिवार के प्रभाव का मुद्दा उठाया।
कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी कसा तंज
पंकज चौधरी ने सपा के कार्यकर्ताओं को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में सामान्य कार्यकर्ताओं की भूमिका नारे लगाने, दरी बिछाने और परिवार की पालकी उठाने तक सीमित रह गई है। उनकी इस टिप्पणी को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की ओर से सपा के परिवारवाद के मुद्दे पर राजनीतिक घेराबंदी के तौर पर देखा जा रहा है।दरअसल, उत्तर प्रदेश की राजनीति में परिवारवाद भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच लंबे समय से सियासी बहस का मुद्दा रहा है। पंकज चौधरी के इस बयान से एक बार फिर PDA और परिवारवाद को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।
