लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सान्निध्य में मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के सभी आठों प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने विधान भवन पहुंचकर पर्चा दाखिल किया।नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ प्रत्याशियों का स्वागत
मंगलवार सुबह सभी आठों प्रत्याशी भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। प्रत्याशियों के पहुंचते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता वहां जुट गए। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी प्रत्याशी पार्टी नेताओं और समर्थकों के साथ विधान भवन के लिए रवाना हुए।विधान भवन में नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
16 अक्टूबर को होगा मतदान
राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर निर्धारित है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर 16 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा।
