बलरामपुर। ऑनलाइन भुगतान में हुई एक छोटी सी चूक से युवक के खाते से 40 हजार रुपये दूसरे खाते में पहुंच गए। लेकिन समय रहते की गई शिकायत और पुलिस की सक्रियता से युवक को अपनी रकम वापस मिल गई। सादुल्लानगर थाना पुलिस की साइबर हेल्पडेस्क ने कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।थाना सादुल्लानगर क्षेत्र के रंकी बदलपुर निवासी सरवर खान ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि 7 अक्टूबर 2025 को वह अपने दोस्त को फोनपे के माध्यम से 40 हजार रुपये भेज रहे थे। इसी दौरान गलती से रकम किसी अन्य अज्ञात व्यक्ति के मोबाइल नंबर से जुड़े खाते में ट्रांसफर हो गई। पैसे वापस न मिलने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
फोनपे से अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो गए थे पैसे
शिकायत मिलते ही सादुल्लानगर थाना की साइबर हेल्पडेस्क सक्रिय हो गई। पुलिस ने तकनीकी जांच के माध्यम से संबंधित खाते की जानकारी जुटाई और बैंक टीम के सहयोग से ट्रांसफर हुई रकम को तत्काल होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित किया गया।कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 40 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़ित सरवर खान के खाते में वापस करा दी गई।
साइबर सेल की मदद से कराया रिफंड
रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।साइबर फ्रॉड की रकम वापस कराने में थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा, महिला उपनिरीक्षक तेजल पटेल, कांस्टेबल मुरारी लाल और कांस्टेबल अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी या गलत ट्रांजैक्शन होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कर वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।

