लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व बेहतर ढंग से निभाने का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा कि इस बार कुछ अंतराल के बाद मां विंध्यवासिनी के दर्शन का सौभाग्य मिला। मां के चरणों में शीश झुकाकर प्रदेश की जनता की सेवा का दायित्व योग्य ढंग से निभाने की प्रार्थना की। उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2014 से 2024 तक जिस तरह देश और प्रदेश पर मां विंध्यवासिनी की कृपा रही, उसी तरह 2027 में भी मां के आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार बनेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास की गति को आगे बढ़ाती रहेगी।
बिना भेदभाव पहुंचाया योजनाओं का लाभ
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने समाज के सभी वर्गों के लिए बिना भेदभाव काम किया है। गरीब कल्याण, किसान कल्याण, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके गठबंधन को जनता का समर्थन मिलने का पूरा विश्वास है।
हादसों की होगी जांच, दोषियों पर कार्रवाई
दुर्घटनाओं को लेकर उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई दुखद घटना होती है तो उसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गड़बड़ी करने वाले ठेकेदारों को भविष्य में ठेकेदारी नहीं मिलेगी और दोषी होने पर कार्रवाई तय है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष अच्छी बारिश हुई है, जिससे किसानों में खुशहाली है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश से नुकसान भी हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है और किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान चलाए जाने की भी बात कही।
अखिलेश पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “सूप बोले तो बोले, छलनी न बोले।” उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश बर्बादी के कगार पर पहुंच गया था। सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं, बिजली की स्थिति खराब थी, कानून व्यवस्था ध्वस्त थी और भ्रष्टाचार चरम पर था। उन्होंने कहा कि आज इस तरह की बयानबाजी करने पर यही लगता है कि अखिलेश यादव “बयानवीर” हो गए हैं।
बोले- सपा का पीडीए फर्जी
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के पीडीए को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए फर्जी है और पिछड़ों व दलितों के साथ धोखेबाजी है। उन्होंने दावा किया कि जनता सपा की “धोखेबाजी” का जवाब कई बार दे चुकी है और 2027 में ऐसा जवाब देगी कि समाजवादी पार्टी के नेता सैफई में नजर आएंगे।
