बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने गुरुवार को रेहरा बाजार के ग्राम देवरी खेरा में निर्माणाधीन राजकीय महिला आईटीआई का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता देखी। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से शेष काम की जानकारी लेकर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि महिला आईटीआई शुरू होने से क्षेत्र की बालिकाओं और महिलाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा का अवसर मिलेगा। इसलिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और जरूरी सुविधाओं का काम जल्द पूरा कर कक्षाएं शुरू कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने परिसर में लैंड डेवलपमेंट का काम भी व्यवस्थित तरीके से कराने को कहा।
12.60 करोड़ की लागत, 75.25% काम पूरा
निर्माणाधीन महिला आईटीआई की स्वीकृत लागत करीब 12.60 करोड़ रुपये है। परियोजना का 75.25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। डीएम ने शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

कस्तूरबा विद्यालय का 90% निर्माण पूरा
इसके बाद डीएम ने रेहरा बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के एकेडमिक ब्लॉक और बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन, छात्रावास और परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। परियोजना की स्वीकृत लागत करीब 4.53 करोड़ रुपये है। इसमें से करीब 4.24 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं और लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा बताया गया। डीएम ने रंगाई-पुताई, इलेक्ट्रिकल, प्लंबिंग और अन्य फिनिशिंग कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।

शिक्षा परियोजनाओं में देरी नहीं हो: डीएम
डीएम ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा अनावश्यक देरी नहीं होने देने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को समय से पूरा करना प्राथमिकता है, ताकि छात्राओं को इनका लाभ जल्द मिल सके।निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता समेत संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्था के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।

