सद्भावना आवाज़
उत्तरप्रदेश।
चुनौती देता पारा और हौसलों को डिगाने वाली हीट वेव के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ऊर्जा और अथक मेहनत उत्तर प्रदेश में जारी लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए वरदान साबित हो रही है। भीषण गर्मी के बावजूद तूफानी अंदाज में प्रदेश के अंदर और अन्य प्रदेशों में चुनाव प्रचार के अभियान में जुटे सीएम योगी के इन्हीं प्रयासों के कारण भाजपा को पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश में अपना पिछला प्रदर्शन फिर से दोहराने की उम्मीद है। पिछले लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने इन 14 लोकसभा सीटों में से 13 पर कब्जा जमाया था, जबकि रायबरेली की एक सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। इस बार सीएम योगी ने इन सभी 14 सीटों पर धुआंधार प्रचार किया है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि अमेठी और रायबरेली जैसी हाई प्रोफाइल सीटों समेत सभी 14 सीटों पर कमल खिलेगा। उल्लेखनीय है कि पांचवे चरण में प्रदेश की 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज और गोण्डा लोकसभा सीटें शामिल हैं। इन सभी लोकसभा सीटों पर सीएम योगी लगातार चुनाव प्रचार कर भाजपा के समर्थन में माहौल बना चुके हैं।

लखनऊ सीट से राजनाथ सिंह की जीत सुनिश्चित
लखनऊ लोकसभा सीट से एक बार फिर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार तीसरी बार मैदान में हैं। इस सीट पर 1991 से ही भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। 1991 से 2009 तक यहां से पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी बाजपेयी सांसद रहे, जबकि 2009 से 2014 के बीच लाल जी टंडन विजयी हुए। 2014 और 2019 लोकसभा चुनावों में राजनाथ सिंह ने इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की थी। राजनाथ सिंह के सामने सपा ने रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है। मंत्री रह चुके मेहरोत्रा फिलहाल लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा के विधायक हैं। वहीं बसपा ने सरवर मलिक को प्रत्याशी बनाया है। लखनऊ में सीएम योगी ने लगातार तीन दिन तक चुनावी प्रचार किया है और इस सीट पर चुनाव पूरी तरह राजनाथ सिंह के समर्थन में एकतरफा नजर आ रहा है।
रायबरेली में दिनेश प्रताप सिंह दे रहे कड़ी टक्कर
उत्तर प्रदेश की जिन सीटों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें से रायबरेली लोकसभा सीट भी है। ये राज्य की इकलौती सीट है जहां 2019 में कांग्रेस को जीत मिली थी। तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुकी हैं। कांग्रेस ने काफी इंतजार के बाद रायबरेली से राहुल गांधी को चुनाव मैदान उतारा है। वहीं भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। एमएलसी दिनेश प्रताप फिलहाल योगी सरकार में मंत्री भी हैं। पिछले चुनाव से लेकर अब तक यहां काफी बदलाव आ चुका है। योगी सरकार ने प्रदेश के साथ-साथ इस क्षेत्र में भी काफी विकास कार्य कराया है। यही नहीं,भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह की ग्राम प्रधानों में अच्छी पकड़ मानी जाती है। यही नहीं रायबरेली के कई प्रमुख कांग्रेसी नेता अब बीजेपी के साथ हैं। कांग्रेस नेता रहे अखिलेश कुमार सिंह की बेटी अदिति सिंह रायबरेली से बीजेपी की विधायक हैं। वहीं, ऊंचाहार के विधायक मनोज पांडे भी बीजेपी में आ चुके हैं, जिससे भाजपा की उम्मीदें कई गुना बढ़ गई हैं।
इसे पढ़ें: https://sadbhavnaawaj.com/lok-sabha-elections-2024-cm-yogi-adityanath-conducted-144-programs-including-111-public-meetings-in-49-days/


