सेंट जेवियर्स डिज्नी वर्ल्ड स्कूल में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य आसिम रूमी और समन्वयक सीमा बंका ने भगवान राम को माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने भारतीय संस्कृति और त्योहारों को जीवित रखने के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि “ऐसे कार्यक्रम हमारे त्योहारों और परंपराओं को जीवित रखने के लिए आवश्यक हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राम दरबार की झांकी रही, जिसमें छात्रों ने भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी का रूप धारण कर अभिभावकों का मनमोह लिया। बच्चों की सजीव प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना दिया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

धरोहर को संजोने का संदेश : सीमा बंका
दीपावली के इस उत्सव में छात्रों ने रंगोली बनाई और विभिन्न रंगों से दीप सजाए। इसके साथ ही उन्होंने आकर्षक कैंडिल भी बनाए, जो उनके रचनात्मक कौशल का प्रमाण था। दीपों और रंगोली से सजे इस कार्यक्रम में बच्चों की सृजनात्मकता और ऊर्जा देखने लायक थी।
समन्वयक सीमा बंका ने बच्चों के उत्साह और मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और अभिभावकों को बच्चों की सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होने के महत्व को बताया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ अभिभावकों और शिक्षकों ने भी पूरी सहभागिता दिखाई और दीपावली के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।