भाजपा के संगठन पर्व के तहत शुक्रवार को तुलसीपार्क स्थित अटल भवन में जिला कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें बूथ समिति गठन पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण दिशा- निर्देश दिए गए। कार्यशाला के मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री व जिला चुनाव अधिकारी सुशील त्रिपाठी ने बूथ समिति गठन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बूथ समिति गठन में ईमानदारी आवश्यक है और यह केवल कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बिना बैठक के कोई भी बूथ समिति न बने और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही बूथ अध्यक्ष नियुक्त किया जाए।
2400 सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य
अवध क्षेत्र के उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सक्रिय सदस्य होने चाहिए। उन्होंने बताया कि बलरामपुर जिले से 3448 सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 2016 सदस्य बनाए जा चुके हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि भाजपा केवल राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का कार्य करती है। उन्होंने बूथ ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि पार्टी हर चुनाव में प्रभावी प्रदर्शन कर सके।
इस मौके पर तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू, जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, महामंत्री वरुण सिंह मोनू और अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे। कार्यशाला में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बूथ सशक्तिकरण के महत्व को रेखांकित किया और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया।