बलरामपुर। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ बुधवार सुबह ठीक 08 बजे जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने नगर पालिका बलरामपुर क्षेत्र का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, स्वच्छता, नालियों की स्थिति, कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही का बारीकी से जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने वीर विनय चौराहे से चौक बाजार तक पैदल भ्रमण कर मुख्य बाजार क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को नजदीक से देखा और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट व सख्त निर्देश दिए।
पैदल निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़कों पर फैली गंदगी, नालियों में जमा कचरे और जलनिकासी की समस्याओं पर गहरी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नालियों पर किया गया अतिक्रमण जलभराव और दुर्गंध की सबसे बड़ी वजह है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी नालियों को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और दुकानों व प्रतिष्ठानों को नियमानुसार नालों से जोड़ा जाए, ताकि वर्षा के समय जलनिकासी की समस्या से स्थायी समाधान मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की। व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि अब बाजार क्षेत्र में नगर पालिका की कूड़ा कलेक्शन गाड़ियां सुबह के साथ-साथ शाम के समय भी नियमित रूप से आएंगी, जिससे दिनभर के व्यापार के बाद निकलने वाले कचरे का तुरंत निस्तारण हो सके।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने सर्वसम्मति से यह सहमति जताई कि सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती से जुर्माना लगाया जाए। जिलाधिकारी ने इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ बाजार केवल प्रशासन के प्रयासों से नहीं, बल्कि व्यापारियों और नागरिकों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सब्जी, फल, मीट और मछली की दुकानों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सब्जी और फल मंडी को नहर बाला गंज स्थित नव-निर्मित मंडी में तथा मीट और मछली की दुकानों को निर्धारित स्थान पर ही संचालित किया जाएगा। भविष्य में किसी भी हालत में सड़कों या बाजारों में इनकी बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे न केवल नगर की स्वच्छता सुधरेगी, बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, नई नालियों के निर्माण, सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था और वॉटर कूलर लगाए जाने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने नए वर्ष को लेकर नगर के स्वरूप में बड़े बदलाव की घोषणा करते हुए बताया कि चौक बाजार से वीर विनय चौराहे तक बाजार क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में एक समान थीम पर पेंटिंग और फसाड लाइटिंग की जाएगी, जिससे बाजार की सुंदरता बढ़ेगी और नगर को एक नई पहचान मिलेगी।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पुलिस चौकी परबटोला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी परिसर में बाउंड्री निर्माण, प्रवेश द्वार तथा रंगाई-पुताई के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परिसर का स्वरूप भी बेहतर हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वच्छता, जलनिकासी, अतिक्रमण नियंत्रण, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं का सुदृढ़ीकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन सभी कार्यों को तय समयसीमा में धरातल पर उतारा जाएगा और लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के बाद नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि नए वर्ष में बलरामपुर का बाजार क्षेत्र साफ, सुव्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्योति राय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी हेमंत गुप्ता, अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रमेश पहवा, नगर अध्यक्ष संजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही डीपी सिंह बैस, विजय अग्रवाल, कृष्ण गोपाल गुप्ता, राम गोपाल, प्रीत पाल सिंह, संतोष गुप्ता, मनोज गुप्ता सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी और गणमान्य नागरिक भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहे।

