बलरामपुर। राम लल्ला की स्थापना दिवस के पावन अवसर पर दूल्हापुर क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सेवा का अद्भुत उदाहरण देखने को मिला। इस मौके पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धीरू ने जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए। कड़ाके की ठंड में कंबल पाकर लोगों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि राम लल्ला की स्थापना दिवस जैसे पावन अवसर पर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग की सेवा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक मदद पहुंचाना भी इसका अहम हिस्सा है। ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारा और समरसता को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। कार्यक्रम का संचालन संतोष सिंह ने किया। इसके अलावा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी, भाजपा मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह, गौरव मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



