बलरामपुर। कई दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बाद बृहस्पतिवार को मौसम ने राहत दी। शहर और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा और सुबह से ही तेज धूप खिली रही। धूप निकलते ही लोगों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
सुबह से खिली धूप, लोगों ने ली राहत की सांस
सुबह होते ही धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम हुआ। लोग अपने घरों की छतों, आंगनों और खुले स्थानों पर बैठकर धूप का आनंद लेते नजर आए। पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर भी लोगों की आवाजाही बढ़ गई। बुजुर्गों और बच्चों के लिए धूप राहत लेकर आई, जिससे दिनचर्या कुछ हद तक सामान्य होती दिखी।
बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, व्यापारियों में खुशी
धूप निकलते ही बाजारों में रौनक लौट आई। कई दिनों से ठंड के कारण सुस्त पड़े बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी। दुकानों पर चहल-पहल नजर आई। व्यापारी अशरफ अली ने बताया कि दिन में मौसम साफ रहने और धूप निकलने से ग्राहक बाहर निकले, जिससे कारोबार में सुधार देखने को मिला। व्यापारियों को उम्मीद है कि मौसम ऐसा ही रहा तो बाजारों की रफ्तार और तेज होगी।
शाम होते ही लौटी ठंड, कोहरे और शीतलहर का असर
हालांकि, शाम ढलते ही एक बार फिर ठंड का असर बढ़ने लगा। कोहरा छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। चौक-चौराहों और ग्रामीण इलाकों में लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से बचाव किया। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है। आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह ने बताया कि दिन में धूप निकलने के बाद रात के तापमान में गिरावट हो सकती है। शीतलहर का प्रकोप रात और भोर पहर अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।



