बलरामपुर (तुलसीपुर)। नगर पंचायत तुलसीपुर के समग्र विकास के लिए 3.53 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस धनराशि से नगर के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, नाली और खड़ंजा निर्माण के कार्य कराए जाएंगे। परियोजनाओं के पूरा होने से नगरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा के साथ-साथ जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलेगी।
वार्ड नंबर 13 में डॉ. शरीफ के बगल से संगम लाल यादव के मकान के पास पुलिया तक 64.31 लाख रुपये की लागत से सीसी मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। वार्ड नंबर पांच में पहलवान चौरसिया से संतोष पटवा तक 20.54 लाख रुपये से सीसी सड़क, नाली व क्रॉस का निर्माण होगा। इसी वार्ड में खैरुन्निशा के घर से नइमिया स्कूल होते हुए तुलसीपुर-गौरा मुख्य मार्ग तक 62.52 लाख रुपये से सीसी सड़क बनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त भूपेंद्र मिश्रा के मकान से पानी टंकी होते हुए गोशाला तक 5.06 लाख रुपये से नाली का निर्माण कराया जाएगा।
लाल चौराहे से अखिलेश गुप्ता के मकान तक 36.90 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण तथा इटवा चौराहे के पास नई पानी टंकी से लाइफ केयर हॉस्पिटल होते हुए नगर पंचायत सीमा तक 74.91 लाख रुपये से नाले का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं, वार्ड नंबर छह में डॉ. बब्बन के मकान के पीछे से हकीकुल्ला के मकान होकर मुजीब के मकान से खुर्शीद के मकान के पास तक 22.53 लाख रुपये से सीसी सड़क व नाली बनाई जाएगी। वार्ड नंबर तीन में तुलसीपुर नर्सिंग होम से यश ट्रेडर्स होते हुए गोशाला के पास तक रोड पटरी पर 67.05 लाख रुपये से नाली निर्माण कराया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष कहकशां फिरोज ने बताया कि विकास कार्यों के लिए बजट जारी हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया चल रही है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। इन योजनाओं से नगर की आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और आमजन को काफी राहत मिलेगी।

