बलरामपुर । जनपद में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिले में चिह्नित किए गए 19 ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इन स्थानों पर रोड मार्किंग, साइनेज, क्रैश बैरियर और अन्य तकनीकी उपायों के जरिए दुर्घटनाओं को रोकने की पहल की जा रही है।पिछले वर्ष की तुलना में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों और मृतकों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार सड़क हादसों में 7.94 प्रतिशत घायलों और 12.10 प्रतिशत मृतकों की संख्या बढ़ी है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने 19 स्थानों को ब्लैक स्पॉट घोषित कर वहां सुरक्षा कार्य तेज कर दिए हैं।
साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और इमरजेंसी नंबर होंगे डिस्प्ले
ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे। सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही एंबुलेंस और क्रेन मशीन के नंबर सड़कों पर डिस्प्ले किए जाएंगे, ताकि हादसे की स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके।
लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी
कम दृश्यता संकेतक, धीमी गति से चलें, स्पीड लिमिट बोर्ड, तेज मोड़ आगे है, ब्लैक स्पॉट चेतावनी बोर्ड, नो ओवरटेकिंग जोन, हॉर्न बजाएं, रिफ्लेक्टिव कैट आई, डिवाइडर मार्किंग और हेडलाइट व फॉग लाइट जलाकर चलने जैसे संकेतक बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के दोनों डिवीजनों को सौंपी गई है।
फुलवरिया बाईपास पर चल रहा सुधार कार्य
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद फुलवरिया बाईपास की समस्या को प्राथमिकता पर लिया गया है। यहां सड़क की डिजाइन, साइन बोर्ड, स्पीड लिमिट और अन्य मानकों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। चौराहे के 100 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पोल, तार और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। मोड़, गड्ढे, ढाल और ब्लाइंड स्पॉट को भी समाप्त किया जा रहा है। इससे यहां हादसों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये हैं जिले के चिह्नित ब्लैक स्पॉट
जनपद में फुलवरिया बाईपास चौराहा, वीर विनय चौराहा, भगवतीगंज, धुसाह, सेखुइया तिराहा, कल्लाभट्ठा (राष्ट्रीय राजमार्ग-730), लौकहवा डिप तुलसीपुर रोड, बहादुरापुर रेलवे क्रॉसिंग गोंडा रोड, चकवा चौकी, शंकरपुरकला, बेलहा मोड़ तुलसीपुर रोड, हरिहरगंज तिराहा, श्रीदत्तगंज चौराहा, भरिया जंगल उतरौला रोड, चुंगीनाका नहर बालागंज, कांदभारी, गालिबपुर, कटिया चौराहा और पिपरी मोड़ को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है। ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य और जागरूकता अभियानों के जरिए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

