बलरामपुर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित अकादमिक रिसोर्स सेंटर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, वित्त एवं लेखाधिकारी विवेक कुमार पांडे तथा खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय रामचंद्र मौर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।इस जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से चयनित पांच-पांच छात्रों ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में अपने-अपने नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। वहीं विकासखंड स्तर पर विजेता रही क्विज टीमों ने भी जनपद स्तर पर प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विजेताओं को मिले टैबलेट
विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का मूल्यांकन डायट प्रवक्ता पवन कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अनूप कुमार तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उतरौला की प्रवक्ता शोभा राज द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को टैबलेट, स्कूल बैग, विज्ञान प्रयोगशाला मैनुअल, प्रमाण पत्र एवं विज्ञान किट देकर सम्मानित किया गया।विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में प्रथम स्थान तुलसीपुर विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय लालबोझी के छात्र सुभान अली ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान उतरौला विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय रमवापुर कला के संदीप कुमार, तृतीय स्थान बलरामपुर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय घोसियार की प्रिया पुरी, चतुर्थ स्थान रमवापुर कला की सीमा तथा पंचम स्थान यूपीएस गैंडास बुजुर्ग की मनीषा वर्मा ने हासिल किया।इसी क्रम में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में बलरामपुर विकासखंड की टीम—उमेश्वर सिंह, खुशी मौर्य, लक्ष्मी पासवान, अंशु मिश्रा एवं प्रिया पुरी—ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

90 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार
क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी विज्ञान किट, स्कूल बैग, विज्ञान प्रयोगशाला मैनुअल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले अन्य 90 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार के रूप में स्कूल बैग, विज्ञान प्रयोगशाला मैनुअल, प्रमाण पत्र एवं स्टेशनरी किट प्रदान की गई।बच्चों की इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी तथा जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और आगामी वर्ष और बेहतर तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी महमूदुलक द्वारा किया गया। इस अवसर पर राज्य संदर्भदाता समूह के सदस्य नवीन कुमार सिंह, आलोक कुमार शर्मा, प्रतिमा सिंह, एआरपी मनीष पांडे, नीरज त्रिपाठी सहित समस्त गणित-विज्ञान एआरपी एवं शिक्षक रजनीश, शुभम, आशीष और तेज उपस्थित रहे।

