बलरामपुर। एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर के क्रीड़ा विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता “प्रयास एवं पराक्रम” का शुभारंभ बुधवार को महाविद्यालय के हॉकी फील्ड में गरिमामय वातावरण में किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रातः 10:30 बजे हुआ। यह चार दिवसीय प्रतियोगिता 11 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न खेल विधाओं में छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जे. पी. पांडेय, पूर्व प्राचार्य प्रो. आर. के. सिंह, मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह सहित कई वरिष्ठ प्राध्यापक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. जे. पी. पांडेय ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। पूर्व प्राचार्य प्रो. आर. के. सिंह ने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा अपनाने का आह्वान किया। वहीं मुख्य नियंता प्रो. वीणा सिंह ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं।क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. बी. एल. गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की और चार दिवसीय आयोजन के सफल संचालन का विश्वास जताया।कार्यक्रम का संचालन लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने किया, जबकि सह-क्रीड़ाध्यक्ष कृतिका तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन बालक एवं बालिका वर्ग में किया गया। बालिका वर्ग में यशस्वी गुप्ता (बीबीए पंचम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान, सौम्या साहू (बीबीए पंचम सेमेस्टर) ने द्वितीय और ममता (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में निशांत शुक्ला (बीसीए पंचम सेमेस्टर) प्रथम, वैभव सिंह (बीसीए पंचम सेमेस्टर) द्वितीय और राहुल मंशाराम प्रजापति (बीए तृतीय सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहे।शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन क्रीड़ा परिषद एवं एडवाइजरी समिति के सदस्य डॉ. नारायण सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विजेताओं को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। कॉलेज परिसर में चार दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

