बलरामपुर। आगामी महाशिवरात्रि और रमजान पर्व को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान और लगातार गश्त की जा रही है।पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में थाना प्रभारियों ने प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग की।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई, वहीं नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई भी की गई।पुलिस बल ने पैदल और मोटर गश्त के जरिए आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने का प्रयास किया। गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।त्योहारों को देखते हुए सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।
भ्रामक पोस्ट पर सख्त कार्रवाई
भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 112 या स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

