बलरामपुर। आदर्श नगरपालिका परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लाभार्थियों को अनुदान राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री के संबोधन को लाभार्थियों ने सुना।प्रदेश स्तर पर योजना के तहत करीब 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पहली किस्त के रूप में लगभग 900 करोड़ रुपए भेजे गए। जनपद बलरामपुर में भी 210 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला।इनमें बलरामपुर नगर के 31, उतरौला के 38, गैसड़ी के 74, पचपेड़वा के 35 और तुलसीपुर के 32 लाभार्थी शामिल हैं।कार्यक्रम में मौजूद अपर जिलाधिकारी शिव नारायण सिंह ने कहा कि जिन लाभार्थियों को पहली किस्त मिल चुकी है, वे जल्द से जल्द अपने मकान का निर्माण कार्य शुरू करें, ताकि निरीक्षण के बाद उन्हें दूसरी और तीसरी किस्त भी समय पर मिल सके। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली किस्त एक लाख रुपए, दूसरी किस्त एक लाख रुपए और तीसरी किस्त 50 हजार रुपए की धनराशि दी जाती है।

निर्माण कार्य और आगे की किस्तों के निर्देश
उन्होंने लाभार्थियों को यह भी स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को एक भी रुपये देने की जरूरत नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें और संभव हो तो उसका फोटो भी भेजें, ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।कार्यक्रम के दौरान कई लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस अवसर पर ईओ एवं पीओ डूडा लाल चन्द्र मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस, डूडा प्रबंधक अखिलेश कुमार सिंह, सीएलटीसी डूडा कृष्ण मुनि सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।लाभार्थियों में खातून बेगम, लक्ष्मी, विमला मिश्र, विनीता मिश्र, बच्चन देवी, पूनम, रेनू, प्रेमनाथ, रुकसाना और रवि प्रकाश समेत अन्य लोग शामिल रहे। लाभार्थियों ने सरकार द्वारा दी जा रही इस सहायता के लिए आभार जताते हुए जल्द से जल्द अपने आवास का निर्माण पूरा करने की बात कही।

