बलरामपुर। ईद-उल-फितर का त्योहार करीब आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सुबह से लेकर देर रात तक कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर कुर्ता-पायजामा और पठानी सूट की खरीदारी में तेजी देखी जा रही है। युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी पारंपरिक परिधानों की तलाश में बाजारों का रुख कर रहे हैं।
नगर पालिका और महिला अस्पताल के पास कपड़ा व्यापारियों (तौसीफ रजा, मेराज वारसी, समीर, अजमल और इमरान) का कहना है कि इस बार अरमानी लच्छा फैब्रिक के कुर्तों के साथ-साथ कॉटन लिनेन के सफेद, क्रीम और हल्के रंगों के कपड़ों की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा कढ़ाईदार और डिजाइनर पठानी सूट भी ग्राहकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। दुकानों पर चिकनकारी और ट्रेंडी डिजाइन वाले कुर्तों की नई रेंज उपलब्ध है, जिन्हें लोग खासा पसंद कर रहे हैं।
बाजार में कुर्ता-पायजामा और पठानी सूट के कपड़ों की कीमत करीब 600 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक है। शहर के प्रमुख बाजार—वीर विनय चौराहा, चौक, मेजर चौराहा और भगवतीगंज में सुबह से ही खरीदारी शुरू हो जाती है और देर रात तक दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रहती है। व्यापारियों के मुताबिक ईद से 10-15 दिन पहले ही बाजार में तेजी आ जाती है और जैसे-जैसे त्योहार नजदीक आता है, बाजार पूरी तरह गुलजार हो जाता है।
युवाओं में स्टाइलिश परिधानों का क्रेज
इस बार युवाओं में सिंपल लेकिन स्टाइलिश कुर्तों के साथ ब्लैक, डार्क ग्रीन और नेवी ब्लू रंग के पठानी सूट का खासा ट्रेंड देखने को मिल रहा है। वहीं बच्चों के लिए भी आकर्षक डिजाइन वाले कुर्ता-पायजामा बाजार में उपलब्ध हैं, जो अभिभावकों को खूब भा रहे हैं।
कारोबार को लेकर व्यापारी आशान्वित
कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि ईद नजदीक आते-आते ग्राहकों की संख्या और बढ़ेगी। यदि यही रफ्तार बनी रही तो इस बार कारोबार अच्छा रहने की पूरी संभावना है।

