बलरामपुर। जनपद के किड्जी स्कूल के छात्रों ने राष्ट्रीय ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यालय के 10 छात्रों ने हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषयों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम, द्वितीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय ओलंपियाड परीक्षा सिल्वर जोन फाउंडेशन द्वारा आयोजित की जाती है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी हिस्सा लेते हैं। इस वर्ष करीब एक लाख प्रतिभागियों के बीच किड्जी स्कूल के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय में इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल है। प्रबंध निदेशक राजा अग्रवाल ने बताया कि इतनी बड़ी प्रतियोगिता में विद्यालय के 10 छात्रों का स्थान प्राप्त करना गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय बच्चों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। अभिभावकों ने भी बच्चों की इस सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर लाखों विद्यार्थियों के बीच स्थान हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में अहमद आतिफ, अविक प्रताप सिंह, रणविजय तिवारी, दिव्यांशी सिंह, अक्षिता, अनुष्का, हृदयांश वीर, सूर्यांश पटेल, आदित्य राज श्रीवास्तव और आशिया आफताब शामिल हैं। सभी छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रबंध निदेशक राजा अग्रवाल, शिक्षिका शिवानी अग्रवाल, अंकिता अग्रवाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों ने बच्चों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

