बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह रंगारंग कार्यक्रमों के बीच संपन्न हुआ, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पल्टूराम, सपा नेता सलिल सिंह ‘टीटू’, उप क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद और प्रवेश कुमार रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में सोनभद्र और लखनऊ की टीम आमने-सामने रहीं। मैच की शुरुआत से ही लखनऊ की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ ने सोनभद्र को 9-3 के अंतर से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

दूसरा मुकाबला सुल्तानपुर और मऊ की टीमों के बीच खेला गया। यह मैच पूरी तरह एकतरफा रहा, जिसमें मऊ की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सुल्तानपुर को 12-1 से करारी शिकस्त दी। मऊ की टीम की आक्रामक रणनीति और मजबूत रक्षा पंक्ति ने सुल्तानपुर को पूरे मैच में वापसी का मौका नहीं दिया।
प्रतियोगिता से पहले सिटी मांटेसरी स्कूल की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। उनके प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक नागेंद्र गिरि, हिना खातून, विजय शंकर पांडेय, सूरज कुमार, अभय और पवन तिवारी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है और दर्शक भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद कर रहे हैं।

