बलरामपुर। विकास खंड श्रीदत्तगंज अंतर्गत ग्राम पिपरी कोल्हुई में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) का बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने औचक निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट संवर्द्धन के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएनएम वंदना मौर्या द्वारा 13 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) की गई, जबकि 12 बच्चों का नियमित टीकाकरण किया गया। इसके अलावा दो किशोरियों को पोषण, एनीमिया की रोकथाम और व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक समय पर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से किशोरियों में पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा सकता है।
इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आनंद त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. श्याम जी श्रीवास्तव, एचईओ विजय प्रताप सिंह, आशा कार्यकर्ता सरोजनी, राजरानी तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्री रुकैया खातून और धूपा सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

