बलरामपुर। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने योगी आदित्यनाथ का वर्चुअल संबोधन सुना।
कार्यक्रम में विधायक सदर पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी और नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र और चेक वितरित किए। साथ ही जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक पल्टूराम ने कहा कि नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार, महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और किसानों के हित में किए गए कार्यों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं, जिससे बेरोजगारी दर में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी आमजन को दी गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जनपद में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

