बलरामपुर। नगर में स्थित बुद्धा पार्क को अब नया और आधुनिक स्वरूप मिलने जा रहा है। आदर्श नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सोमवार को पार्क के सौंदर्यीकरण एवं विस्तार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब 70 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट से पार्क को सुरक्षित, आकर्षक और हर वर्ग के लिए जनोपयोगी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।कार्यक्रम में डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने विधिवत पूजन-अर्चन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान बौद्ध धर्म के संतों की गरिमामयी उपस्थिति में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ। हवन-पूजन के बाद पार्क के विकास कार्य की औपचारिक शुरुआत की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।परियोजना के तहत करीब 70 लाख रुपये (जीएसटी सहित) की लागत स्वीकृत की गई है। इस बजट से पार्क का संपूर्ण कायाकल्प किया जाएगा, जिसमें सुरक्षा, सौंदर्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
1600 से बढ़कर 18,000 वर्ग फीट पार्क
नगरपालिका प्रतिनिधि डीपी सिंह बैस ने बताया कि पार्क की पुरानी बाउंड्री वॉल जर्जर हो चुकी थी, जिससे सुरक्षा और सौंदर्य दोनों प्रभावित हो रहे थे। पहले यह पार्क करीब 1600 वर्ग फीट में सीमित था, जिसे अब बढ़ाकर 18 हजार वर्ग फीट से अधिक क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। नई बाउंड्री वॉल, हरित क्षेत्र का विस्तार, बैठने की बेहतर व्यवस्था, बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण और उन्नत प्रकाश व्यवस्था इस परियोजना का हिस्सा होंगे।

बुजुर्गों के लिए टहलने की सुविधाएँ
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य पार्क को ऐसा सार्वजनिक स्थल बनाना है, जहां बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी सुविधाजनक तरीके से समय बिता सकें। पार्क के विकसित होने के बाद यह क्षेत्र सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बन सकता है।पार्क के सौंदर्यीकरण को लेकर स्थानीय नागरिकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का मानना है कि इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी और बच्चों को खेलने तथा बुजुर्गों को टहलने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। साथ ही यह नगर के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।
निर्धारित समय में कार्य पूरा करने का लक्ष्य
प्रशासन ने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्ता के साथ काम को तेजी से पूरा किया जाएगा, ताकि नगरवासियों को जल्द ही बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सके।इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, पूर्व विधायक राम सागर अकेला, जेई सिविल अवनीश यादव, कर निरीक्षक राजेश कुमार, जेई जल धर्मेन्द्र गौड़ समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, सभासद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

