लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। सुल्तानपुर–उतरेठिया रेलखंड पर साउथ सिटी और रजनीखंड के बीच 2 लेन का रेलवे ओवरब्रिज (ROB) बनाया जाएगा। ₹157 करोड़ की लागत वाली इस परियोजना को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस पुल के बनने से रायबरेली रोड पर रोज लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।इस प्रोजेक्ट के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह पुल लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा।
रोजाना जाम से जूझते हैं लोग
रायबरेली रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के कारण साउथ सिटी, रजनीखंड, SGPGI और तेलीबाग क्षेत्र के लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ता है। सुबह और शाम के समय हालात और खराब हो जाते हैं। कई बार लोगों को 30 मिनट से लेकर 1 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।
सैकड़ों कॉलोनियों को मिलेगा फायदा
इस ROB के बनने से आसपास की सैकड़ों कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा। आवागमन तेज और सुरक्षित होगा, वहीं एंबुलेंस और इमरजेंसी सेवाओं को भी राहत मिलेगी।
लंबे समय से हो रही थी मांग
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा इस पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। लोगों का कहना था कि रेलवे क्रॉसिंग के कारण समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती है।
विधायक बोले—जनभावनाओं का सम्मान
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरकार ने इस परियोजना को मंजूरी देकर क्षेत्र की जनता की भावनाओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

